प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन पेंशन योजना के सुचारू रुप से संचालन के लिए नोडल अधिकारी नामित
लखनऊ, फरवरी।  भारत सरकार के निर्देश पर प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन पेंशन योजना को प्रदेश में सुचारू रुप से संचालन के लिए शासन स्तर से विशेष सचिव श्रम एवं सेवायोजन  अवनीश कुमार शर्मा एवं श्रमायुक्त कार्यालय कानपुर से उप श्रमायुक्त आर0पी0 गुप्ता को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। प्रमुख सचिव श्रम एवं सेवायोजन सुरेश चन्द्रा ने यह जानकारी दी। 

प्रमुख सचिव श्रम ने बताया कि प्रदेश में असंगठित क्षेत्र के कर्मकारों को प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना के अन्तर्गत पेंशन स्कीम से आच्छादित करने के लिए श्रमिकों का पंजीकरण 15 फरवरी, 2019 से किया जायेगा। उन्होंने बताया कि यह पेंशन योजना भारत वर्ष के सभी राज्यों एवं केन्द्र शासित प्रदेशों में एक साथ 15 फरवरी से लागू की जा रही है। 

उन्होंने बताया कि भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के सचिव ने सभी राज्यों एवं केन्द्र शासित प्रदेशों के श्रम विभाग के उच्चाधिकारियों के साथ 14 फरवरी को वीडियों कान्फ्रेंसिंग के दौरान दो उच्चाधिकारियों को इस योजना का नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश दिये थे। उन्होंने बताया कि नामित नोडल अधिकारियों में  अवनीश कुमार शर्मा का मोबाइल नं0-9458079666 व  तथा  आर0पी0 गुप्ता का मोबाइल  9452522492  है।