योग्य अधिकारियों का रखेंगे पूरा ख्याल, रोपेंगे 15 करोड़ पौधे  : डाॅ. महेन्द्र सिंह
लखनऊ । ग्राम्य विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डाॅ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि योग्य अधिकारियों को हमारी सरकार पूरा ख्याल रखेगी। गुरुवार को कुछ अधिकारियों को मनचाही तैनाती उनके परफॉर्मेंस और मेरिट के आधार पर दी गई। यह बातें उन्होंने शुक्रवार को लोकभवन में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि स्थानान्तरण पत्र मीडिया के सामने सौंपे गये ताकि पूरी पारदर्शिता बनी रहे।  ग्राम्य विकास मंत्री ने कहा कि अधिकारियों ने अपने दायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वहन करके ग्राम्य विकास विभाग को पूरे देश में प्रथम स्थान दिलाया है। अपने विभाग के बारे में उन्होंने बताया कि मनरेगा योजना में जल संचयन और वर्षा जल को एकत्र करने के लिए 6851 तालाबों का जीर्णोद्धार किया गया है। वित्तीय वर्ष 2019-20 में 15 नदियों के पुनद्र्धार की कार्यवाही की जायेगी। इसके साथ ही नदियों के किनारे 25.58 लाख वृक्षारोपण किये जाने की रणनीति बनायी गयी है। अगले वित्तीय वर्ष में लगभग 15 करोड़ पौधों का रोपण किया जायेगा। इसके अलावा मनरेगा के तहत 11075 आंगनबाड़ी केन्द्रों के निर्माण के सापेक्ष 10204 आंगनबाड़ी केन्द्रों का निर्माण किया गया है। मनरेगा में पारदर्शिता एवं समय से भुगतान हेतु एबीपीएस सिस्टम अपनाया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के बारे में ग्राम्य विकास मंत्री ने कहा कि इस योजना के तहत 12.42 लाख आवासों का निर्माण पूरा कर लिया गया है। जो लक्ष्य का 97 प्रतिशत है और देश में सबसे ज्यादा है। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 60563 पात्र लाभार्थी चिन्हित किये गये हैं। वर्ष 2018-19 में 16700 लाभार्थियों को लाभ दिया गया है, जिसमें से प्राकृतिक आपदा के शिकार 8932 लाभार्थी, मुसहर वर्ग के 3216,  वनटांगियों के लाभार्थी 4069, कालाजार के लाभार्थी 111, जेई के लाभार्थी 179, तथा एईएस से प्रभावित 194 परिवारों को लाभान्वित किया गया है। वर्ष 2019-20 में 34017 लाभार्थियों को फायदा पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें 3897 कुष्ठ रोग से प्रभावित परिवार भी शामिल हैं।