यूपी की बिगड़ी कानून व्यवस्था की गाज गिरी एडीजी लॉ एंड आर्डर पर

शासन ने छह वरिष्ठ आईपीएस का किया तबादला
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लगातार हो रहे ताबड़तोड़ अपराध की गाज शुक्रवार को शासन ने उत्तर प्रदेश के एडीजी लॉ एंड आर्डर आनंद कुमार पर गिर गई। पीवी रामा शास्त्री को नया एडीजी लॉ एंड ऑर्डर बनाया गया है। राज्य में कानून और व्यवस्था की समीक्षा बैठक के दो दिन बाद ही योगी ने एक्शन लेते हुए शुक्रवार को शासन ने 6 आईपीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। वहीं, दीपेश जुनेजा को एडीजी सुरक्षा की कमान सौंपी गई है।
माना जा रहा है कि 12 जून को मुख्यमंत्री के साथ हुई हाई लेवल की समीक्षा बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया है। सूत्रों कि माने तो एडीजी लॉ एंड आर्डर आनंद कुमार और डीजीपी ओ.पी. सिह के बीच में काफी समय से खींचतान चल रही थी और डीजीपी ने आनंद कुमार को हटाने के लिए मुख्यमंत्री से पहले भी सिफारिश कर चुके थे।
इसमें प्रदेश की जेलों में फैले भ्रष्टाचार की लगातार वायरल हो रही फोटो और वीडियो के बाद एडीजी जेल चंद्रप्रकाश भी हटाए गए। उनकी जगह पर एडीजी लॉ एंड आर्डर आनंद कुमार को डीजी जेल बनाया गया है। साथ ही एडीजी जेल चंद्रप्रकाश को एडीजी नियम एवं ग्रंथ बनाया गया है। एडीजी वाराणसी जोन पी.वी.रामाशास्त्री को एडीजी लॉ एंड ऑर्डर बनाया गया है। पीवी रामाशास्त्री 1989 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और वे आंध्र प्रदेश के गोदावरी के रहने वाले हैं। रामाशास्त्री पहले एनआईए में आईजी थे। 1997-98 में इलाहाबाद जीआरपी में पुलिस अधीक्षक और 1999-2००० में बलिया जिले में तैनात रहे हैं।
इसके अलावा अपर पुलिस महानिदेशक सतर्कता ब्रजभूषण को एडीजी वाराणसी जोन और अपर पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड दीपक जुनेजा को अपर पुलिस महानिदेशक सुरक्षा, बनाया गया है। अपर पुलिस महानिदेशक सुरक्षा विजय कुमार को अपर पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड बनाया गया है।