वृक्षारोपण कर स्वच्छ वातावरण बनाने हेतु सार्थक प्रयास सुनिश्चित किये जायें :मुख्य सचिव
 उप्र को हरा-भरा बनाने के लिए वृक्षारोपण अभियान में सभी हों शामिल :मुख्य सचिव

लखनऊ,। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव डाॅ. अनूप चन्द्र पाण्डेय ने रविवार को राज्य की जनता से अपील की कि प्रदेश को हरा-भरा एवं स्वच्छ वातावरण युक्त बनाने हेतु हर वर्ग के व्यक्ति को वृक्षारोपण अभियान में शामिल होना चाहिए। अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मुख्य सचिव ने आज लखनऊ में वृक्षारोपण भी किया। राजधानी के गोमती नगर स्थित सीएसआई टाॅवर में वृक्षारोपण करने के बाद वहां आयोजित वृक्षारोपण एवं रक्तदान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक उचित स्थानों पर अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर और अधिक स्वच्छ वातावरण बनाने हेतु सार्थक प्रयास सुनिश्चित किये जायें। मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश में 22 करोड़ पौधे रोपित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य को हासिल करने हेतु सम्बंधित विभागों के साथ-साथ आम नागरिकों एवं अधिकारियों-कर्मचारियों को भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करानी होगी। वृक्षारोपण कार्यक्रम में आकांक्षा समिति की अध्यक्ष श्रीमती रेनू पाण्डेय, अध्यक्ष राजस्व परिषद् प्रवीर कुमार, अपर मुख्य सचिव वन, श्रीमती कल्पना अवस्थी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी वृक्षारोपण किया।

 

राजेन्द्र शुक्ला ने 117वीं बार किया रक्तदान 

 

इस अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी राजेन्द्र शुक्ला ने 117वीं बार रक्तदान किया और अन्य लोगों को रक्तदान हेतु प्रेरित भी किया। जिलाधिकारी लखनऊ, कौशल राज शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी तथा सीएसआई टाॅवर में रहने वाले वाहन चालक एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मियों ने भी इस मौके पर अपना ब्लड शुगर और  नेत्रों की जांच कराकर रक्तदान कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।