17 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों का तबादला, आलोक सिन्हा बने नये कृषि उत्पादन आयुक्त
नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव मनोज कुमार सिंह को ग्राम्य विकास एवं पंचायती राज

आलोक सिन्हा को प्रदेश का नया कृषि उत्पादन आयुक्त बनाया गया

अनीता सिंह अब खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की प्रमुख सचिव होंगी

प्रतिक्षारत श्रीमती मोनिका एस गर्ग को उच्च शिक्षा का प्रमुख सचिव नियुक्त किया गया है

लखनऊ,। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने शुक्रवार को 17 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया। इस फेरबदल में अपर मुख्य सचिव आलोक सिन्हा को प्रदेश का नया कृषि उत्पादन आयुक्त बनाया गया है।  शासन द्वारा जारी तबादला सूची के अनुसार वाणिज्य कर एवं मनोरंजन कर विभाग का अतिरिक्त दायित्व भी आलोक सिन्हा को दिया गया है। अवस्थापना व औद्योगिक विकास विभाग के प्रमुख सचिव आलोक कुमार-1 को आईटी एवं इलेक्ट्रानिक्स विभाग का अतिरिक्त चार्ज मिला है। 

नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव मनोज कुमार सिंह को ग्राम्य विकास एवं पंचायती राज, आवास के प्रमुख सचिव दीपक कुमार को नगर विकास, कृषि के प्रमुख सचिव अमित मोहन प्रसाद को स्वाथ्स्य और स्वास्थ्य के प्रमुख देवेश चतुर्वेदी को कृषि विभाग का दायित्व दिया गया है।

इसी तरह पंचायती राज की प्रमुख सचिव अनीता सिंह अब खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की प्रमुख सचिव होंगी। प्रतिक्षारत कल्पना अवस्थी को खेलकूद एवं ग्रामीण अभियंत्रण का प्रमुख सचिव और अपर मुख्य सचिव खेलकूद मो. इफ्तेखारउद्दीन को अध्यक्ष उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम का अध्यक्ष बनाया गया है।

राज्यपाल के विशेष सचिव डा. अशोक चंद्र महिला कल्याण में विशेष सचिव होंगे। प्रतिक्षारत श्रीमती मोनिका एस गर्ग को उच्च शिक्षा का प्रमुख सचिव नियुक्त किया गया है। सचिव पंचायती राज के पद पर तैनात वीरेंद्र कुमार सिंह को मुरादाबाद का मंडलायुक्त बनाया गया है। वहीं वित विभाग के सचिव भुवनेश कुमार अब दुग्ध उत्पादन व मत्स्य विभाग के प्रमुख सचिव होंगे। बाबू लाल मीना को दुग्ध उत्पादन व मत्स्य विभाग के प्रमुख सचिव के पद से हटाकर उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग दिया गया है। यह विभाग वन एवं पर्यावरण के प्रमुख सचिव सुधीर गर्ग से वापस ले लिया गया है।  इसके अलावा सिडको के प्रबंध निदेशक के पद पर तैनात जगदीश प्रसाद राज्य सूचना आयोग का सचिव बनाया गया है और वहां से शिव प्रसाद-1 को हटाकर सिडको का नया प्रबंध निदेशक बनाया गया है।