प्रेमिका ने प्रेमी को जेल भिजवा दिया

प्रेमिका ने प्रेमी को जेल भिजवा दिया


महराजगंज।  महराजगंज में दो प्रेम कहानियां अचानक चर्चा में आ गईं। दोनों में प्रेमिका सुपर एक्टिव नज़र आईं। प्रेमी के घर धमक गईं। पहली कहानी में प्रेमिका ने प्रेमी को जेल भिजवा दिया दूसरी में प्रेमिका, प्रेमी को थाने घसीट ले गई। 










मामले, जिले के दो अलग-अलग थानों, कोतवाली और चौक क्षेत्र के हैं। पहले बात, चौक थाना क्षेत्र की। यहां एक गांव में एक युवक और युवती के बीच प्रेम प्रसंग काफी दिनों से चल रहा था। इधर, लॉकडाउन में दोनों मोबाइल पर ही बातचीत किया करते थे लेकिन पिछले कुछ दिनों  से इस बातचीत में खटास आ गई थी। बातों-बातों में बात इतनी बढ़ गई कि मोबाइल पर ही दोनों के बीच झगड़ा हो गया। पहले तो प्रेमिका चुप रह गई लेकिन फिर उसका गुस्‍सा भड़का और तीन दिन पहले वह सीधे जा पहुंची प्रेमी के घर। पहुंचते ही उसने अपनी पहली और आखिरी मांग रख दी अपने प्रेमी से शादी की। प्रेमी और उसके परिवार ने लड़की को समझाने की कोशिश की। लड़की का भाई भी पहुंचा लेकिन सब हार गए।


अंतत: लड़की अपने भाई के साथ घर लौटी लेकिन थोड़ी ही देर बाद थाने जा पहुंची। वहां उसने अपने कथित प्रेमी के खिलाफ तहरीर दी। लड़की का कहना है कि मंदिर में उन दोनों की शादी हो चुकी है और अब लड़का इससे मुकर रहा है। मामला गम्‍भीर होता देख प्रेमी, प्रेमिका से शादी करने को तैयार हो गया लेकिन इस बार प्रेमिका ने साफ इनकार कर दिया। उसने कहा कि अब उसे शादी नहीं करनी है बल्कि धोखा  देने वाले को सजा दिलानी है। फिलहाल लड़की की तहरीर पर चौक थानेदार धनवीर सिंह ने  रेप सहित विभिन्‍न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपि‍त लड़के को जेल भेज दिया है। 


अब बात दूसरे मामले की। यह घटना महराजगंज के सदर कोतवाली क्षेत्र की है। पनियरा थाना क्षेत्र से भी इसका सम्‍बन्‍ध है क्‍योंकि लड़की वहीं की रहने वाली है। लड़का और लड़की दोनों एक बाइक शोरूम में काम करते थे। दोनों के बीच अभी प्‍यार परवान चढ़ ही रहा था कि लड़के को सउदी अरब में काम मिल गया। वह वहां चला गया। सउदी जाकर भी लड़का, लड़की से मोबाइल पर फोन पर बातचीत करता रहा। दोनों के बीच टेलीफोनिक बातचीत से प्रगाढ़ता बढ़ती रही। लेकिन कुछ समय पहले लड़का सउदी से वापस आ गया है। सात जून को उसकी शादी तय हो गई। इसकी जानकारी लड़की को हुई तो उसके गुस्‍से का ठिकाना न  रहा। वह सीधे अपने प्रेमी के घर जा पहुंची। वहां हड़कम्‍प मच गया। सूचना को पुलिस को हुई तो मौके पर जाकर वह लड़का पक्ष को थाने ले आई। साथ में लड़की भी थाने आ गई। फिलहाल दोनों पक्षों में सुलह-समझौते की कोशिश चल रही है। प्रभारी कोतवाल अखिलेश कुमार सिंह ने कहा है कि सुलह नहीं होती तो वह नियमानुसार तहरीर लेकर उचित कार्यवाही करेंगे।