टिकटॉक वीडियो बनाते समय एक एक कर पांच किशोर गंगा में डूब गए
दो घंटे की मशक्कत के बाद पांचों का शव निकाल लिया गया है
रविदास पार्क और रामनगर के सिपहिया घाट के बीच इन दिनों बीच गंगा में काफी रेती उभरी हुई है। दो किशोर किनारे बैठे रहे और पांच तौसीफ, फरदीन, शैफ, रिजवान और सकी टिकटॉक का वीडियो बनाने के लिए बीच गंगा में उभरी रेती तक पहुंच गए। वीडियो बनाने के दौरान एक किशोर डूबने लगा तो दूसरा उसे बचाने के लिए कूदा। देखते ही देखते एक दूसरे को बचाने के प्रयास में पांचों किशोर डूबने लगे। किनारे बैठे दोनों किशोरों का शोर सुनकर कुछ मल्लाह अपनी नावों को लेकर किशोरों को बचाने के लिए भागे। लेकिन उभरी हुई रेती के बीच से जब तक वहां पहुंच पाते पांचों पानी में विलीन हो चुके थे। तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस के साथ ही रामनगर से आधा दर्जन गोताखोरों का दल मौके पर पहुंचा। दो घंटे की मशक्कत के बाद पांचों किशोरों को पानी से निकाला गया और एम्बुलेंस से लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया गया। यहां पांचों को मृत घोषित कर दिया गया।