अमर सिंह का सिंगापुर के अस्पताल में निधन

अमर सिंह का सिंगापुर के अस्पताल में निधन


वो पिछले काफी दिनों से बीमार चल रहे थे


उनका सिंगापुर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था


अमर सिंह, समाजवादी पार्टी के पूर्व महासचिव रहे हैं साथ ही राज्यसभा सांसद भी रहे हैं


अमर सिंह के निधन से सियासी गलियारे में शोक की लहर


लखनऊ । राज्यसभा  सांसद और पूर्व समाजवादी पार्टी नेता अमर सिंह का 64 वर्ष की उम्र में आज निधन हो गया। वो पिछले काफी दिनों से बीमार चल रहे थे।  उनका सिंगापुर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। कुछ दिनों पहले ही उनका किडनी ट्रांसप्लांट किया गया था. शनिवार दोपहर उनका निधन हो गया।  अमर सिंह, समाजवादी पार्टी के पूर्व महासचिव रहे हैं साथ ही राज्यसभा सांसद भी रहे हैं।  सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के वो काफी करीब रहे। अमर सिंह एक समय समाजवादी पार्टी की नंबर दो पोजिशन के नेता भी रहे थे। हालांकि साल 2010 में पार्टी के सभी पोस्ट से इस्तीफा दे दिया था। बाद में उन्हें पार्टी से भी बर्खास्त कर दिया गया।  अमर सिंह वर्तमान में उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के सांसद थे। समाजवादी पार्टी से अलग होने के बाद उनकी सक्रियता कम हो गई थी। हालांकि, बीमार होने से पहले तक उनकी करीबियां भारतीय जनता पार्टी से बढ़ रही थीं।  अमर सिंह ने हाल ही में अमिताभ को लेकर एक ट्वीट किया था। जिसमें उन्होंने अभिताभ से माफी मांगी थी। अमर सिंह, राजनीति से लेकर बॉलीवुड तक अपनी दोस्ती और बिगड़ते रिश्तों दोनों के लिए चर्चा में रहे। अमिताभ बच्चन से लेकर समाजवादी पार्टी से रिश्तों को लेकर काफी वक्त तक दोस्ती और खटास के बयानों को लंबा दौर चला। लेकिन अमर सिंह ने हर बात पर खुलकर चर्चा की और कई बार शायराना अंदाज में अपना जवाब दिया। राजनीति का ये चेहरा अब दुनिया को अलविदा कह गया लेकिन अपने पीछे वो अमर निशां छोड़ गया जिसे भारतीय राजनीति हमेशा याद करेगी।


समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता और राज्‍य सभा सांसद अमर सिंह का 64 वर्ष की उम्र में शनिवार को निधन हो गया। वह पिछले छह महीने से सिंगापुर के अस्‍पताल में अपना इलाज करा रहे थे। उनके निधन से सियासी गलियारों में शोक की लहर है।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमर सिंह के निधन पर दुख जताते हुए ट्वीट किया कि वह काफी ऊर्जावान नेता थे और उन्होंने पिछले कुछ दशकों में देश की राजनीति के अहम उतार-चढ़ाव काफी करीब से देखे थे। वो अपने जीवन में दोस्ती के लिए जाने जाते रहे हैं। उनके निधन की खबर सुनने से दुखी हूं।  उनके परिवारजनों और दोस्तों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।


उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने पूर्व राज्यसभा सांसद के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनके असामयिक निधन पर शोक व्यक्त करता हूं। दुख की इस घड़ी में उनके परिजनों और सहयोगियों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं। 


रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने ट्वीट में लिखा, "वरिष्ठ नेता एवं सांसद अमर सिंह के निधन के समाचार से दुःख की अनुभूति हुई है। सार्वजनिक जीवन के दौरान उनकी सभी दलों में मित्रता थी। स्वभाव से विनोदी और हमेशा ऊर्जावान रहने वाले अमर सिंहजी को ईश्वर अपने श्रीचरणों में स्थान दें। उनके शोकाकुल परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं।


मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने उन्‍हें अनुभवी और वरिष्‍ठ नेता बताते हुए कहा कि उन्‍हें उनके निधन के समाचार से काफी दु:ख पहुंचा है। उन्‍होंने ईश्‍वर से दिवंगत की आत्‍मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्‍त परिवारीजनों के प्रति संवेदना व्‍यक्‍त की। 


उत्‍तर प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री और समाजवादी पार्टी अध्‍यक्ष अखिलेश यादव ने अमर सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा, 'श्री अमर सिंह जी के स्नेह-सान्निध्य से वंचित होने पर भावपूर्ण संवेदना एवं श्रद्धांजलि।


कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने पूर्व सपा नेता के निधन पर दु:ख जतातेे हुए लिखा- "ईश्वर अमर सिंह जी की आत्मा को अपने श्रीचरणों में शरण दें। अमर सिंह जी के परिवार के प्रति मेरी भावपूर्ण संवेदनाएं। मैं इस दुखद क्षण में उनकी शोक संतप्त पत्नी और बेटियों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करती हूं।