...अब कोई कैराना या कांधला नहीं बनने पाएगा: योगी

  दंगे की साजिश करने वालों से सावधान रहना होगा : योगी


...अब कोई कैराना या कांधला नहीं बनने पाएगा: योगी


लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि जब विकास में भेदभाव नहीं। शासन की योजना का लाभ हर नागरिक तक पहुंचाने में कोई भेदभाव नहीं, कोई राग द्वेष नहीं। तो फिर जाति और महजब के नाम पर लड़ाने की कुत्सित चेष्टा कौन लोग कर रहे हैं ? ये वही चेहरे हैं जो मुजफ्फरनगर में दंगा कराते थे। ये वही चेहरे हैं जो कांधला में व्यापारियों को पलायन करने के लिए मजबूर करते थे। आज फिर उनकी चेष्टाएं सामने आ रही हैं। हमें दंगे की साजिश करने वालों से सावधान रहना होगा।
मुख्यमंत्री गुरुवार को लखनऊ में अपने आवास पर बुलंदशहर विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों के संबंध में आयोजित भाजपा के बूथ, मंडल और सेक्टर के पदाधिकारियों से आनलाइन मुखातिब थे। उन्होंने कहा कि अब कोई कैराना या कांधला नहीं बनने पाएगा। कुत्सित राजनीति की भेंट चढ़े मुजफ्फरनगर की पुनरावृत्ति नहीं होने दी जाएगी। इन जगहों पर क्या हुआ था? किसकी वजह से हुआ था? सबको पता है। ऐसे ही लोग नापाक हरकतों के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश को एक बार फिर सांप्रदायिकता और जातीयता की आग में झोंकना चाहते हैं। इनके रग-रग में दंगा बसा है।



मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व विधायक स्वर्गीय वीरेंद्र सिंह सिरोही बुलंदशहर को विकास की बुलंदी पर ले जाना चाहता थे। वे पार्टी, संगठन और क्षेत्र के लिए समॢपत थे। उनके सपनों को पूरा करना हम सबका फर्ज है। हम कर भी रहे हैं। सबसे बड़ा लंबा एक्सप्रेस-वे गंगा एक्सप्रेस-वे बुलंदशहर से होकर गुजरेगा। उन्होंने कहा कि किसानों के असली मसीहा चौधरी चरण सिंह थे। बाकी लोगों के लिए किसान सिर्फ वोट बैंक रहे हैं। अगर किसानों की इतनी ही फिक्र रहती तो 30 साल से बंद रमाला चीनी मिल चलवा देते। मोइनुद्दीन चीन मिल को अपग्रेड कर उसकी क्षमता बढ़वा देते। क्यों नहीं किया? यह काम भाजपा ने किया। पश्चिम उप्र के गन्ना बेल्ट की किसानों की समस्याएं बेहतर तरीके से समझने के लिए उसी क्षेत्र के विधायक को मंत्री बनाया। नतीजतन, साढ़े तीन साल में 1.06 लाख करोड़ रुपये का भुगतान गन्ना किसानों को हुआ। यह एक रिकॉर्ड है।



भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि हमारी विचारधारा और नेतृत्व बेमिसाल है। भाजपा की केंद्र व राज्य सरकारों में जिस तरह का चहुंमुखी विकास हो रहा है, उससे विपक्ष की रातों की नींद उड़ गई हैं। विपक्षी दल दिन भर देश में अराजकता व झूठ के सहारे भ्रम फैलाने की कोशिशों में लगे रहते हैं लेकिन जनता को ऐसे दलों की सच्चाई पता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया वे बूथ जीतो चुनाव जीतो के मंत्र पर चुनावी तैयारी में जुट जाएं। उपचुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ता पूरी तैयारी के साथ पार्टी की विजय का संकल्प लेकर चुनाव मैदान में उतरें।



कार्यक्रम में सरकार के मंत्री सुरेश राणा, अशोक कटारिया, कपिलदेव अग्रवाल, सांसद डा. भोला सिंह , क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल, जिलाध्यक्ष अनिल सिसौदिया के अलावा मंडल, सेक्टर और बूथों के पदाधिकारी मौजूद थे।