13 से 18 अगस्त, 2019 तक अतिरिक्त बसें संचालित की जाएंगी
मुख्यमंत्री के निर्देश पर रक्षाबन्धन के पर्व पर 15 अगस्त, 2019 को

उ0प्र0 परिवहन निगम की समस्त श्रेणी की बसों में महिलाओं के निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान करने का निर्णय

 

14 अगस्त की मध्य रात्रि 12 बजे से 15 अगस्त की मध्य रात्रि 12 बजे तक महिला यात्रियों द्वारा यात्रा किए 

जाने पर उनको निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा उपलब्ध होगी

 

दिल्ली, मेरठ, सहारनपुर, आगरा, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, प्रयागराज, वाराणसी 
आदि प्रमुख नगरों से प्रदेश के विभिन्न स्थानों के लिए 
परिवहन निगम द्वारा अतिरिक्त बसों की व्यवस्था करने के निर्देश

लखनऊ । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के क्रम में उत्तर प्रदेश सरकार ने विगत 02 वर्षों की भांति इस वर्ष भी रक्षाबन्धन के पर्व पर 15 अगस्त, 2019 को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की समस्त श्रेणी की बसों में महिलाओं को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान करने का निर्णय लिया है। इसके तहत 14 अगस्त, 2019 की मध्य रात्रि 12 बजे से 15 अगस्त, 2019 की मध्य रात्रि 12 बजे के बीच (24 घण्टे के लिए) निगम की सभी श्रेणी की बसों में महिला यात्रियों द्वारा यात्रा किए जाने पर उनको निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा उपलब्ध होगी।
इस सम्बन्ध में परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वतंत्रदेव सिंह ने बसों की विशेष व्यवस्था के लिए परिवहन निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं। अच्छी दशा की साफ-सुथरी बसें मार्गों पर यात्रियों की आवश्यकता के अनुरूप समय पर उपलब्ध कराई जाएं। इस अवधि में परिवहन निगम के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहते हुए यात्रियों को आवश्यकता के अनुरूप गंतव्य स्थानों के लिए पर्याप्त बस सुविधा उपलब्ध कराने के लिए तत्पर रहेंगे।
राज्य सरकार के प्रवक्ता ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि रक्षाबन्धन पर परिवहन निगम द्वारा प्रदेश के समस्त मार्गों पर यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा प्रदान करने के दृष्टिगत 13 से 18 अगस्त, 2019 तक अतिरिक्त बसें संचालित की जाएंगी। इस अवधि में दिल्ली, मेरठ, सहारनपुर, आगरा, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, प्रयागराज, वाराणसी आदि प्रमुख नगरों से प्रदेश के विभिन्न स्थानों के लिए परिवहन निगम द्वारा अतिरिक्त बसों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।