शिवाजी ने की थी हिन्दू पद पादशाही की स्थापना-प्रभुनारायण

लखनऊ,। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ लखनऊ विभाग की तरफ से शनिवार को नगर स्तर पर हिन्दू साम्राज्य दिवस मनाया गया। जयेष्ठ कृष्ण द्वितीया को शिवाजी महाराज का राज्याभिषेक हुआ था। इस तिथि को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ हिन्दू साम्राज्य दिवस के रूप में मनाता है। संवाद नगर द्वारा गोमती रिवर फ्रन्ट पर हिन्दू साम्राज्य दिवस मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रान्त संघचालक प्रभुनारायण श्रीवास्तव थे। 


इस मौके पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज को जब महाराष्ट्र के ब्राह्मणों ने राज्याभिषेक करने से इन्कार कर दिया तब काशी के उद्भट विद्वान गागा भट्ट ने शिवाजी महाराज का राज्याभिषेक कराया। प्रभु नारायण श्रीवास्तव ने कहा कि जो काम शिवाजी महाराज ने शुरू किया था उसी काम की शुरूआत डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने किया। उस समय शिवाजी महाराज के गुरु समर्थ गुरु रामदास ने गांव-गांव में भजन मण्डली खड़ी की थी।  प्रान्त संघचालक ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज के समय की परिस्थिति अगर हम देखेंगे तो ध्यान में ये बात आती है कि आज की परिस्थिति और उस समय की परिस्थिति इसमें बहुत अंशों में समानता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. राम कपूर ने की। 

इस मौके पर किसान संघ के प्रान्त संगठन मंत्री कुंवर बहादुर सिंह, विश्व संवाद केन्द्र के कार्यालय प्रमुख जागेश्वर, संघ प्रचारक लक्ष्मीकांत, सह प्रान्त प्रचार प्रमुख दिवाकर अवस्थी,संवाद नगर के सह नगर संघचालक गंगा प्रसाद यादव, नगर शारीरिक प्रमुख दीपक,व्यवस्था प्रमुख राम नरेश और बिपिन यादव प्रमुख रूप से उपस्थित थे।