विधानसभा के बजट सत्र की तैयारियां जोरों पर

लखनऊ। राज्य विधान सभा के बजट सत्र की तैयारियां चल रही हैं। सत्र के प्रथम दिन 5 फरवरी, 2019 को राज्यपाल श्री राम नाईक दोनों सदनों के सदस्यों को सम्बोधित करेंगे। इस दृष्टि से सभी तैयारियां पूरी हैं। विधान सभा अध्यक्ष श्री हृदय नारायण दीक्षित ने बताया कि सत्र के एक दिन पूर्व सदन की कार्यमंत्रणा समिति की बैठक होगी। इसमें सदन के कामकाज का विवरण तैयार होगा। इसके एक दिन पहले 3 फरवरी, 2019 को सुरक्षा की बैठक होगी। इसमें प्रमुख सचिव व पुलिस महानिदेशक सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी हिस्सा लेंगे। इसी दिन पत्रकार संगठन के पदधारकों के साथ भी बैठक होगी।


श्री दीक्षित ने बताया कि सदन की कार्यवाही को श्रेष्ठतर बनाने में सभी दलों का सहयोग अपेक्षित है। इस दृष्टि से 4 फरवरी, 2019 को सभी दलीय नेताओं की बैठक बुलाई गई है। इसमें मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित रहेंगे। नेता प्रतिपक्ष रामगोविन्द चैधरी सहित सभी दलीय नेता भी आंमत्रित किए गए हैं।श्री दीक्षित ने बताया कि 4 फरवरी, 2019 को ही अपराह्न तिलक हाल में संसदीय पत्रकारिता पर एक गोष्ठी का आयोजन किया गया है। गोष्ठी का उद्घाटन मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। गोष्ठी का समापन राज्यपाल श्री राम नाईक करेंगे। गोष्ठी में वरिष्ठ पत्रकारों का मार्गदर्शन भी मिलेगा।विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि ’संसदीय पत्रकारिता’ सर्वथा भिन्न कौशल का रचनाक्षेत्र है। अनेक वरिष्ठ पत्रकार इस कौशल का निर्वहन करने में प्रवीण है। उनका मार्गदर्शन हमेशा उपयोगी रहता है। विधान सभा ने इसी दृष्टि से यह नया आयोजन प्रारम्भ किया है। समाचार माध्यम विधान सभा चुनने वाले मतदाताओं व सभा के मध्य सेतु है। इस सेतु की मजबूती में जनतंत्र का प्रवाह बना रहता है।