विधानसभा में विपक्ष द्वारा राज्यपाल पर कागज के गोले फेंकना अमर्यादित आचरण:सुरेश खन्ना
 

लखनऊ, 05 फरवरी। प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने विधान सभा प्रथम सत्र-2019 में आज विपक्ष के आचरण पर गहरा क्षोभ प्रकट किया। उन्होंने कहा सदन का यह सत्र प्रारम्भ होने से पूर्व ही विधान सभा के अध्यक्ष द्वारा बैठक आहूत कर सदन के सदस्यों से कार्यवाही में सहयोग तथा मर्यादित आचरण की अपेक्षा की गई थी तथा विपक्ष के नेताओं द्वारा भी मर्यादित आचरण का वचन दिया गया था। सदन में राज्यपाल के भाषण के दौरान विपक्ष द्वारा हंगामा करने तथा राज्यपाल पर कागज के गोले फेंकने को अमर्यादित आचरण बताया। उन्होंने कहा विपक्ष का यह आचरण न केवल अशोभनीय है अपितु उनके द्वारा दिये गए सदन में मर्यादित आचरण के वचन के विरूद्ध भी है।