आज उत्तर प्रदेश के अंदर एक नई शुरुआत हुई है:शाह

उद्योग जगत ने योगी सरकार को सराहा, निवेश के लिए बताया बेहतर माहौल


योगी आदित्यनाथ के सीएम बनने के बाद UP में ढेर सारे परिवर्तन हुए: शाह


लखनऊ,। राज्य में 65 हजार करोड़ रुपये लागत की 255 से ज्यादा परियोजनाएं लगने जा रही हैं। इनके जरिए दो लाख लोगों को रोजगार मिलेगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने समारोह का रविवार सुबह उद्घाटन किया। राजधानी लखनऊ में ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी-2 समारोह के मौके पर दिग्गज उद्योगपतियों ने साफ तौर पर माना कि केन्द्र में मोदी और प्रदेश में योगी सरकार होने से उद्योग जगत को कई सहूलियतों मिल रही हैं। अब उन्हें पहले की तरह छोटी-छोटी मंजूरी के लिए इंतजार नहीं करना पड़ता। खासतौर से योगी सरकार ने जिस तरह से अवस्थापना विकास की दिशा में काम किया है, उससे उद्योग जगत उत्साहित है।  वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शाह का स्वागत किया। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में कार्यक्रम मुख्य अतिथि के रूप में अमित शाह, राज्यपाल राम नाईक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, केशव प्रसाद मौर्य, कार्यक्रम के आयोजक सतीश महाना समेत यूपी कैबिनेट के सभी मंत्री मौजूद हैं।राज्य में बिजली व्यवस्था बेहतर होने से लेकर प्रोजेक्ट की मंजूरी के लिए सिंगल विंडो सिस्टम और कानून व्यवस्था में सुधार होने की वजह से निवेशक यहां निवेश के लिए आगे आ रहे हैं और यह सिलसिला जारी रहेगा। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 65 हजार करोड़ रुपये की 250 से अधिक निवेश परियोजनाओं की नींव रखी।

अमित शाह ने कहा कि एक पुरानी युक्ति है कि देश का प्रधानमंत्री बनना है तो उसका रास्ता लखनऊ से होकर जाता है। मैं आज कहना चाहता हूं कि देश को 5 ट्रिलियन डालर की अर्थव्यवस्था बनाने का रास्ता भी लखनऊ होकर ही जाता है। अमित शाह ने कहा कि 2017 में जनता ने भाजपा की सरकार बनाने का मौका दिया और योगी जी के मुख्यमंत्री बनने के बाद उत्तर प्रदेश में ढेर सारे परिवर्तन हुए हैं। 2018 में जब 468000 के निवेश के एमओयू हुए लगभग 1000 से ज्यादा तब भी मुझे बहुत खुशी हुई थी। आज उत्तर प्रदेश के अंदर एक नई शुरुआत हुई है। देश के सबसे बड़े प्रदेश के अंदर आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी। रोजगारी बढ़ेगी। उत्तर प्रदेश के विकास में करने के लिए एक शुरुआत कर रहे थे। इसके 25% एमओयू धरातल पर उतर पाएंगे। 5 महीने के अंदर ही प्रधानमंत्री की उपस्थिति में 81 इकाइयों का शिलान्यास और आज ढाई सौ इकाइयों का शिलान्यास होने जा रहा है। इतने कम समय में 25% से कम समय में जमीन पर उतारने में मुख्यमंत्री की टीम को हृदय से बधाई देता हूं और मेरी शुभकामनाएं भी हैं।

 

 

 

पावर प्रोजेक्ट में पांच हजार करोड़ का निवेश करेगा अडानी ग्रुप 

इस मौके पर अडानी ग्रुप के गौतम अडानी ने कहा कि मैं अमित शाह को 25 साल से जनता हूं। हम दोनों कंपनिया चलाते थे। हमें शायद ही ये अंदाज था कि वह सफलता के उस शिखर पर पहुंचेंगे और देश के चुनिदा नेताओं में होंगे। उन्होंने कहा कि अमित शाह अपने हर उद्देश्य में जिद से काम करते हैं। उन्होंने अपने नेतृत्व में भाजपा को चुनाव जीतने की मशीन बना दिया। वह चाणक्य हैं। कभी चुनाव नहीं हारे और उन्होंने देश के इलेक्टोरल मैप को बदल डाला। अमित शाह अखिल भारतीय विद्याथी परिषद से राजनीतिक सफर शुरू करने वाले अमित शाह ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और गृहमंत्री तक का रास्ता तय किया है और अब न्यू इंडिया के निर्माण के लिए काम कर रहे हैं। वह देश के युवाओं के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं।

अडानी ने कहा कि भाजपा के अध्यक्ष बन कर अमित शाह ने पार्टी को जनादेश दिलवाया। उसी तरह गृह मंत्री के पद से एक विश्वस्त भारत का निर्माण कर रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का काम ही सफलता की बुनियाद है। यूपी उनकी लीडरशिप में आगे बढ़ रहा है। उनका फोकस यहां की कानून सुधारने पर रहा। भ्रष्टाचार को हटाना, पारदर्शिता बढ़ाना उनके एक्शन में दिख रहा। गौतम अडानी ने कहा कि भारत का विकास और ट्रांसफॉर्मेशन की स्टोरी यूपी से जुड़ी है। यूपी के बिना कुछ नहीं। यूपी इंडिया के विकास को और आगे ले जाएगा। अडानी ग्रुप उत्तर प्रदेश के पावर प्रोजेक्ट में पांच हजार करोड़ रुपये का निवेश करेगा। हम यूपी में मल्टी मॉडल रिवर टर्मिनल वाराणसी व कच्ची घानी तेल प्लांट लगाएंगे। डिफेंस कॉरिडोर में भी मैन्युफैक्चरिंग प्लांट अडानी समूह लगायेगा।

टोरेंट ग्रुप छह हजार करोड़ का करेगा निवेश

टोरेंट ग्रुप के चेयरमैन सुधीर मेहता ने कहा कि उनके समूह का प्रदेश में 6000 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करेगा।  इसमें पाइप्ड नेचुरल गैस नेटवर्क के लिए 3000 करोड़ का निवेश ​शामिल है।

नोएडा के प्लांट को सैमसंग इंडिया एक्सपोर्ट का बनायेगी हब 

सैमसंग इंडिया के प्रेजिडेंट व सीईओ एचसी हॉन्ग ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कार्यबल प्रचुर मात्रा में उपलब्ध है। इस​लिए उत्पादन की दृ​ष्टि से ये एक बहुत बड़ा डेस्टिनेशन प्रदेश है। हमने अपना पहला प्लांट 1996 में यूपी में लगाया। तबसे हम यहां पर हैं। नोएडा से हमारा सफर शुरू हुआ। 3000 सर्विस पॉइंट हैं। 10 बिलियन डॉलर की कंपनी ने 5000 करोड़ का निवेश किया। नोएडा के प्लांट को सैमसंग इंडिया एक्सपोर्ट का हब बनायेगी। नोएडा दुनिया की सबसे बड़ी मोबाइल फैक्टरी बन रही है। यह योगी सरकार के सहयोग के बिना संभव नहीं था।

उप्र के आलू उत्पादन को देखते हुए 500 करोड़ का निवेश करेगी पेप्सिको 

पेप्सिको इंडिया के सीईओ और अध्यक्ष अहमद एल शेख ने कहा कि प्रदेश में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए योगी सरकार का सहयोग शानदार है। यूपी भारत का सबसे बड़ा आलू उत्पादक है और पेप्सीको अवसर जुटाने के लिए तत्पर है। उन्होंने प्रदेश में भविष्य में भंडारण क्षमता और कोल्ड चेन बनाने में निवेश की बात कही। पेप्सिको समूह प्रदेश में 500 करोड़ रुपये का निवेश कर फूड प्रोसेसिंग हब लगाएगा। उन्होंने 2022 तक स्नैक्स बिजनेस को दोगुना करते हुए उत्तर प्रदेश में स्नैक्स विनिर्माण संयंत्र लगाने की बात कही।

लखनऊ में मेदांता ग्रुप का अक्टूबर में शुरू होगा अस्पताल 

मेदांता के चेयरमैन डॉ. नरेश त्रेहन ने कहा कि लखनऊ उनका जन्म स्थान है। यही उन्होंने अपनी पढ़ाई की। 40 साल बाद लखनऊ में मेरी घर वापसी हुई है। जिसने यूपी में काम नहीं किया उसने कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि उनका समूह 15 अक्टूबर को लखनऊ में 1000 बेड का अस्पताल शुरू करने जा रहा है। इससे 13 से 15 हजार लोग रोजगार से लाभान्वित होंगे।  इसके बाद वाराणसी और प्रयागराज में भी मेदांता ग्रुप अस्पताल खोलेगा।

2000 करोड़ का निवेश करेगा लुलु ग्रुप

लुलु ग्रुप के प्रमुख युसूफ अली ने कहा कि मुझे ये बताते हुए बड़ी खुशी हो रही है कि उत्तर भारत के सबसे बड़े शॉपिंग मॉल का काम लखनऊ में पूरा होने वाला है। इसके बाद हम नोएडा व वाराणसी में भी मॉल बनायेंगे। उन्होंने कहा कि उनका समूह लखनऊ में दो हजार करोड़ रुपये का निवेश करेगा। इससे दस हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। योजना का 70 फीसदी काम हो चुका है। युसूफ अली ने कहा कि उन्होंने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को कहा है कि आप में योगी जी जैसी ऊर्जा होनी चाहिए। उन्होंने यूपी में फूड प्रोसेसिंग प्लांट लगाने का भी वादा किया। विदेश में हम यह कहते हैं कि मोदी जी के मेक इन इंडिया ने बड़ा बदलाव किया है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि लीडर वही है जिसका काम लोगों को आगे बढ़ाने का है। मोदी जी बड़े लीडर हैं। सभी को साथ लेकर हो साथ सबका विकास हो, हमारे प्रधानमंत्री मोदी जी उसके बड़े उदाहरण है।

उद्योगपतियों और यूपी सरकार के बीच विश्वास बढ़ा-संदीप सोमानी

फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) के चेयरमैन संदीप सोमानी ने कहा कि यूपी में पहले निगेटिविटी बहुत थी, लेकिन कानून व्यवस्था बेहतर और चौबीस घंटे बिजली देने के वादे के बाद उद्योगपतियों और यूपी सरकार के बीच विश्वास बढ़ा है। यहां पर पहली ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के बाद 81 इंडस्ट्रीज में प्रोडक्शन शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश अपनी पालिसी से लागतार बड़े स्तर के काम की ओर बढ़ रहा है। 

यूपी में अपना विस्तार जारी रखेगा टाटा समूह

टाटा ग्रुप एम चंद्रशेखर ने कहा कि हम यूपी में बहुत संभावनाएं देख रहे हैं। यहां टाटा मोटर है टीसीएस है। नोएडा व वाराणसी में रिटेल कंपनी टाइटन और वेस्टसाइट है। हम यहां अपना विस्तार जारी रखेंगे। टीसीएस जब लखनऊ जा रही थी। तब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हमें रोका। हमारा कैंसर सेंटर फरवरी में चालू होगा। पूर्वी यूपी में काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि दूसरी ग्राउंड ब्रेकिंग में भाग लेना सौभाग्य की बात है।