मेरठ में पुलिस ज्यादती कर रही है : सपा

विरोध में सदन से वाकआउट किया


किसी की भी कीमत पर कानून-व्यवस्था का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं होगा:सुरेश खन्ना



लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने कार्यस्थगन के जरिये झारखंड में हुई भीड़ हिंसा में तबरेज की हत्या किए जाने के विरोध में मेरठ में भीड़ पर लाठी चार्ज किए जाने का मुद्दा उठाया। समाजवादी पार्टी के सदस्यों ने पुलिस ज्यादती के विरोध में विधानसभा में गुरुवार को सदन से वाकआउट किया। सपा के विधायक रफीक अंसारी ने शुरुआत शेर पढ़ते हुए कि--मेरे तकदीर के मालिक मेरी पहचान लिख देना, मेरे जिस्म के हिस्से पर   कहीं पर राम लिख देना कहीं रहमान लिख देना...। उन्होंने कहा कि मेरठ में पुलिस ज्यादती कर रही है।  सपा ने दोषियों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने के साथ ही चर्चा की मांग की। जिस पर अधिष्ठाता ने चर्चा से इनकार कर दिया। संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि भीड़ ने नेशनल हाईवे पर जाम लगाया और तोड़फोड़ की, तब पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बल प्रयोग किया। किसी को भी हिंसा की छूट नहीं दी जाएगी। सरकार तोड़फोड़ कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। भारतीय जनता पार्टी का एक बड़ा नेता वहां कुछ लोगों को बेवजह परेशान कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस भाजपा के नेता का नाम उजागर होना चाहिए। कुछ लोग मेरठ को जलाना चाहते हैं। भीड़ हिंसा के खिलाफ लोग शांति प्रिय ढंग से आंदोलन कर रहे थे। उन्हें बेवजह पुलिस ने घेर-घेर कर लाठियों से पीटा। किसी का हाथ टूट गया तो किसी के पैर में गंभीर चोटें आईं। रफीक अंसारी ने कहा कि ऐसी ज्यादती को अंग्रेजों के समय नहीं हुई। क्या इसी दिन को देखने के लिए देश आजाद कराया था। उन्होंने सदन की कार्रवाई रोककर चर्चा की मांग की। बात खत्म करते हुए उन्होंने सरकार पर तंज करते हुए शेर पढ़ा -सितमगर तुझसे उम्मीदे वफा होगी जिसे होगी, अब तो जालिस तुझे देखना है तू कहां तक है...।

इस पर नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी ने सरकार से मांग की कि मुकदमे वापस लिए जाएं। निर्दोषों को जेल से रिहा किया जाए। इस पर संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना ने सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि दिल्ली हाईवे पर जाम लगा दिया गया था। आखिर जाम लगाने का हक किसे है। क्या कोई शांति-व्यवस्था भंग कर सकता है। सरकार हर कीमत पर शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। कोई उद्दंडता पर उतरा आए किसी को परेशान करे तो पुलिस क्या करे। पहले अनुनय विनय किया गया। फिर पुलिस ने बल प्रयोग किया। किसी की भी कीमत पर कानून-व्यवस्था का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं होगा। जो निर्दोष होंगे उनके बारे में देख लिया जाएगा। इस बारे में पुलिस को निर्देशित भी कर दिया जाएगा। इस पर नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार है और उसका दल एक सियासी पार्टी भी है। सियासी पार्टियों को जनता व समाज की भी बात सुननी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि जबसे सरकार बनी है पूरे विश्व में देश बदनाम हो रहा है भीड़ हिंसा के नाम पर...। अब तो अमेरिका ने भी कह दिया है कि भीड़ हिंसा में सबसे ऊपर है। असल में जो सरकार होती है उसे सिर्फ और सिर्फ कानून दिखता है और समाज नहीं। लिहाजा, उनका दल सरकार के जवाब से असंतुष्ट होकर सदन से बहिर्गमन करता है। इस पर सुरेश खन्ना ने कहा कि यूपी में लोग सबसे ज्यादा सुरक्षित हैं। नेता प्रतिपक्ष भ्रम पैदा करना चाहते हैं जो कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।