मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, योगी आदित्यनाथ ने किया शुभारम्भ
लखनऊ,। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 1076 हेल्पलाइन आम लोगों के लिए खोली गई है, जिससे कि उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जा सके। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति 1076 पर कॉल करके अपनी समस्या बता सकता है। हेल्पलाइन पर किसी भी प्रकार की शिकायत करने के बाद संबंधित विभाग को इस शिकायत के निस्तारण का काम दे दिया जाएगा।  मुख्यमंत्री गुरुवार को लोकभवन में सीएम हेल्पलाइन 1076 का शुभारम्भ करने के दौरान बोल रहे थे। इस 500 सीटर हेल्पलाइन पर सातों दिन चौबीस घंटे जनता की समस्याएं सुनी जाएंगी। उन्होंने कहा कि शिकायत करने के तीन-चार दिन में शिकायतकर्ता से इस बात की जानकारी ली जाएगी कि उनके द्वारा की गई शिकायत का निस्तारण हुआ की नहीं।  शिकायतकर्ता के सन्तुष्ट होने पर ही समस्या का समाधान माना जायेगा। अगर इस दिशा में कोई अधिकारी लापरवाही बरतेगा या समस्या का निस्तारण नहीं करेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह हर महीने के अंत में स्वयं हेल्पलाइन में आई शिकायतों में से सौ मामले चुनेंगे और शिकायतकर्ता से खुद बात करेंगे। अगर  शिकायतकर्ता सन्तुष्ट नहीं हुआ तो सम्बन्धित अधिकारी पर एक्शन लिया जायेगा।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 का शुभारंभ होने के बाद अब शिकायतकर्ता घर बैठे अपनी समस्या सम्बन्धित विभागों तक पहुंचा सकेंगे। अपर मुख्य सचिव अलोक सिन्हा के मुताबिक कॉल सेंटर की वर्तमान क्षमता 500 सीटों को बढ़ाकर 1000 तक किया जा सकता है। इस कॉल सेंटर से रोजाना 88 हजार इनबाउंड कॉल रिसीव करने की क्षमता है, जबकि 55 हजार आउटबाउंड कॉल्स की क्षमता है। इससे पुलिस विभाग और स्वास्थ्य विभाग को भी जोड़ा गया है। यानी 100 नंबर और 108 नंबर की सुविधा भी इस हेल्पलाइन के जरिए ली जा सकती है। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा व मुख्य सचिव अनूप चंद्र पांडेय सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।