पर्यटन विकास के लिए केन्द्र से मिलने वाले बजट में चार गुना वृद्धि हुई
प्रदेश सरकार राज्य में पर्यटन क्षेत्रों के विकास, संवर्द्धन और पर्यटन गतिविधियों का विस्तार करने वाले आयोजनों को निरन्तरता से बढ़ावा दे रही है। प्रदेश में रोजगार के अवसरों की वृद्धि की दृष्टि से देखे जा रहे इस क्षेत्र में केन्द्र सरकार द्वारा भी बड़े स्तर पर सहयोग प्राप्त हो रहा है। यह जानकारी देते हुये प्रमुख सचिव पर्यटन श्री जितेन्द्र कुमार ने बताया कि प्रदेश में पर्यटन सम्बन्धी योजनाओं एवं गतिविधियों के विकास के लिए भारत सरकार से प्राप्त होने वाली धनराशि में लगभग चार गुना वृद्धि हुई है। प्रमुख सचिव पर्यटन ने बताया कि प्रदेश में पर्यटन विकास के लिए वर्ष 2014-15 में 1.75 करोड़ रूपये, वर्ष 2015-16 में 04.08 करोड़ रूपये की धनराशि प्राप्त हुयी थी। वर्ष 2016-17 मेें केन्द्र सरकार से यह धनराशि बढ़कर 72.96 करोड़ रूपये और वर्ष 2017-18 में 44.50 करोड़ रूपये प्राप्त हुयी। प्रदेश में पर्यटन की अपार सम्भावनाओं को देखते हुये वर्ष 2018-19 में केन्द्र से प्राप्त होने वाली धनराशि में लगभग 04 गुना वृद्धि हुई। इस वित्तीय वर्ष में प्रदेश को केन्द्र से 189.88 करोड़ रूपये की धनराशि प्राप्त हुई।