रेलवे गांधीधाम से सुलतानपुर के बीच 22 अक्टूबर से चलाएगा स्पेशल ट्रेन 
लखनऊ। रेलवे प्रशासन दीपावली के त्योहार पर यात्रियों की सुविधा के लिए गांधीधाम से सुलतानपुर के बीच लखनऊ के रास्ते 22 अक्टूबर से 31 दिसम्बर तक स्पेशल ट्रेन (09455) चलाएगा। इससे यात्रियों को आने-जाने में सहूलियत मिलेगी। मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी (सीपीआरओ) दीपक कुमार ने  बताया कि दीपावली के त्योहार पर होने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे गांधीधाम से सुल्तानपुर के बीच लखनऊ के रास्ते स्पेशल ट्रेन चलाएगा। यह ट्रेन 22 अक्टूबर से 31 दिसम्बर तक चलेगी। गांधीधाम से 09455 स्पेशल ट्रेन प्रत्येक मंगलवार सुबह 9.30 बजे छूटकर बुधवार दोपहर 2.25 बजे लखनऊ होते हुए शाम छह बजे सुलतानपुर पहुंचेगी। सुल्तानपुर से 09456 स्पेशल ट्रेन 23 अक्टूबर से एक जनवरी के बीच चलेगी। यह स्पेशल ट्रेन सुल्तानपुर से प्रत्येक बुधवार रात्रि 8.35 बजे चलकर रात्रि 12.05 बजे लखनऊ होते हुए शुक्रवार सुबह पांच बजे गांधीधाम पहुंचेगी। इसके अलावा बांद्रा-गोरखपुर स्पेशल स्पेशल ट्रेन (09015) का संचालन बांद्रा से 15 नवम्बर से 27 दिसम्बर के बीच किया जाएगा। यह स्पेशल ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार सुबह 6.40 बजे बांद्रा से छूटकर शनिवार दोपहर 1.10 बजे लखनऊ स्टेशन होते हुए शाम 6.20 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।