मामूली विवाद पर दबंग लड़कों ने लड़कियों को पीटा

अपराध संवाददाता
लखनऊ । राजधानी में आए दिन दबंगों की दबंगई देखने को मिलती आ रही है, ऐसी ही एक घटना रविवार देर रात थाना आशियाना क्षेत्र में देखने को मिली है, कपड़े सुखाने की मामूली बात को लेकर लगभग आधा दर्जन लड़कों ने अपनी दबंगई दिखाकर दो लड़कियों को जमकर पीटा। इतना ही नहीं बल्कि लड़कों ने घर में रह रही दोनों लड़कियों के कपड़े फाड़े और साथ ही अभद्रता भी की और घर में घुसकर तोड़फोड़ भी की। जिससे पीड़ित लड़कियों को गंभीर रूप से चोटें भी आई है। वहीं इस घटना की सूचना मौके पर पीड़ित लड़कियों ने पुलिस को दी। सूचना के करीब 1 घंटे के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। हालांकि, पीड़ित लड़कियों का आरोप है कि स्थानीय पुलिस मामले की कार्रवाई करने की बजाय आरोपी लड़कों का पक्ष ले रही है। इसके साथ ही लड़कियों द्वारा लड़कों के खिलाफ नामजद तहरीर देने पर पुलिस कार्रवाई करने से इनकार कर रही है।