प्यार और धोखे में तीन महिलाओं ने की  आत्महत्या  

अधिकारियों का कहना है कि परिवार वाले तहरीर देते हैं तो कार्रवाई  की जाएगी


लखनऊ ।  पुलिस वालों से प्यार और धोखे में पूर्वांचल के तीन अलग अलग जिलों में दो दिन में तीन महिलाओं ने जान दे दी। वाराणसी, बलिया और अंबेडकरनगर में हुई घटनाओं में जान देने वाली दो महिलाएं खुद पुलिस विभाग में कांस्टेबल के पद पर तैनात थी। विभाग का मामला होने के कारण तीनों ही मामलों में फिलहाल कोई खास कार्रवाई नहीं हुई है अधिकारियों का कहना है कि परिवार वाले तहरीर देते हैं तो कार्रवाई  की जाएगी।  


वाराणसी
वाराणसी के चेतगंज क्षेत्र के सेनपुरा में रविवार सुबह किराए के मकान में रहने वाले सिपाही अमित की पत्नी सृष्टि उर्फ गोल्डी (23) ने फांसी लगाकर जान दे दी। अम्बेडकर नगर के बसखारी तहसील के खसरोपुर निवासी अमित कुमार दशाश्वमेध थाने पर कांस्टेबल पद पर तैनात है। वह 2018 बैच में भर्ती हुआ है। वह दो महीने से पत्नी सृष्टि को साथ में लेकर सेनपुरा स्थित संजय श्रीवास्तव के मकान में रहता है। सृष्टि का मायका अम्बेडकर नगर के अशरफपुर में है। 
पिता राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि बीएससी की पढ़ाई के दौरान गोल्डी अौर अमित में प्यार हो गया। इसी दौरान वह गर्भवती हो गई तो अमित ने शादी करने से इनकार कर दिया। मामला डीएम और एसपी तक पहुंचा तो दबाव में आकर कोर्ट में शादी की। इसी दौरान अमित की 2018 में पुलिस में भर्ती हो गई। इसके बाद वह साथ रखने से मना करने लगा। अम्बेडकर नगर एसपी ने केस दर्ज कराया। नौकरी जाने की नौबत आई तो साथ रखने लगा। दो महीने पहले पत्नी को लेकर बनारस आया। अमित की बेरुखी के कारण रविवार को गोल्डी ने फांसी लगाकर जान दे दी। पिता ने अमित पर किसी दूसरी महिला से अवैध संबंध होने का भी आरोप लगाया। कहा कि सुबह ही बेटी ने मां को फोन कर अमित की करतूतों के बारे में बताया था। सीओ चेतगंज मो. मुश्ताक का कहना है कि पिता की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है।फिलहाल आत्महत्या की बात सामने आ रही है।


 बलिया 
बलिया में सोमवार को पुलिस लाइन के महिला बैरक के स्टोर रूम में महिला सिपाही नीतू यादव ने फांसी लगाकर जान दे दी। उसके पास से मिले सुसाइड नोट में नीतू ने एक पुरुष सिपाही और एक महिला सिपाही का नाम लिखा है। नीतू का पुरुष सिपाही के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। लेकिन इधर बीच उसका झुकाव दूसरी महिला सिपाही की तरफ हो गया था। इसी से तनाव पर रहने के बाद उसने जान दे दी।
 मूल रूप से जौनपुर जिले के बरसठी थाना क्षेत्र के रायपुर गांव की रहने वाली 22 वर्षीय नीतू यादव एसपीओ कार्यालय में तैनात थी। वह पुलिस लाइन के त्रिपाठी हाल के पूरब महिला बैरक के प्रथम तल पर रहती थी। सोमवार की सुबह बैरक में रहने वाली अन्य महिला आरक्षियों की नजर बगल के स्टोर रुम में पड़ी तो नीतू की लाश छत में लगे हुक में बंधी रस्सी के सहारे लटक रही थी। प्रतिसार निरीक्षक सतीश चंद्र ने इस मामले से अधिकारियों को अवगत कराया। छानबीन में पुलिस को कमरे से सुसाइड नोट मिला। एसपी देवेन्द्र नाथ का कहना है कि घटना से नीतू के परिजनों को अवगत करा दिया गया है। परिवार के लोग अगर तहरीर देते हैं तो केस दर्ज कर मामले की छानबीन की जायेगी।


 अंबेडकरनगर 
अम्बेडकरनगर के जैतपुर थाने की महिला सिपाही ने सोमवार को दिन में करीब तीन बजे अपने आवास में पंखे से लटक कर जान दे दी। उसके कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। इसमें आत्महत्या के लिए प्रेमी सिपाही को जिम्मेदार ठहराया गया है। प्रतापगढ़ शहर की निवासी अनीता सरोज (25) पुत्री बद्री प्रसाद जैतपुर थाने में सिपाही पद पर तैनात थी। 2016 में सिपाही पद पर भर्ती हुई थी। 
सुसाइड नोट के अनुसार इसी थाने में तैनात रहे मऊ जनपद के निवासी सिपाही राजीव यादव को उसने अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है। पिछले दिनों राजीव यादव का वाराणसी स्थानांतरण हो गया था। महिला सिपाही का राजीव यादव से प्रेम प्रसंग चल रहा था। चार दिन पहले राजीव से मिलने अनीता वाराणसी गई थी। मुलाकात के दौरान राजीव ने शादी से मना कर दिया। वहां से लौटने पर अनीता ने राजीव से मोबाइल पर बात की। बातचीत के दौरान दोनों में काफी नोकझोंक हुई थी। इसी के बाद अनीता ने पंखे से लटककर मौत को गले लगा लिया। जैतपुर थानाध्यक्ष बब्लू मिश्र ने अनीता सरोज और सिपाही राजीव यादव के बीच प्रेम प्रसंग की बात स्वीकार की है। कहा कि परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।