सफर पूरा करने से पहले यात्रियों को तेजस एक्सप्रेस में मैगजीन को वापस रखना होगा
भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) एयरलाइन की तर्ज पर तेजस एक्सप्रेस में यात्रियों को उनकी सीट पर मैगजीन (पत्रिका) की सुविधा देगा। मैगजीन के प्रकाशन का काम निजी संस्था को सौंपा गया है। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अश्विनी श्रीवास्तव ने शुक्रवार को बताया कि लखनऊ जंक्शन से नई दिल्ली के बीच चलने वाली तेजस एक्सप्रेस में यात्रियों को मैगजीन की सुविधा दी जाएगी। इससे यात्रियों का सफर न केवल मनोरंजन के बीच कटेगा, बल्कि प्रदेश के पर्यटन स्थलों की भी कई अहम जानकारियां उनको मिलेंगी। तेजस एक्सप्रेस के यात्रियों के लिए मैगजीन का प्रकाशन करवाने का काम एक निजी संस्था को सौंपा गया है।  उन्होंने बताया कि तेजस एक्सप्रेस में यात्रियों को मिलने वाली मैगजीन में पर्यटन स्थलों की महत्वपूर्ण जानकारियों के अलावा ट्रेन में  मिलने वाली सुविधाओं की पूरी जानकारी रहेगी। ट्रेन के चलने से पहले ही हर सीट के कवर पर यह मैगजीन लगा दी जाएंगी, लेकिन सफर पूरा करने से पहले यात्रियों को इस मैगजीन को वापस रखना होगा। दरअसल, चार अक्टूबर से देश की पहली कॉर्पोरेट ट्रेन तेजस लखनऊ से नई दिल्ली के बीच चलेगी। यह ट्रेन लखनऊ  जंक्शन के प्लेटफॉर्म नम्बर छह से सुबह 6.10 बजे चलकर दोपहर 12.25 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।