कांग्रेस उम्मीदवार के समर्थन में अजय कुमार ने की पदयात्रा
विधानसभा उपचुनाव को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने लखनऊ कैण्ट से पार्टी उम्मीदवार दिलप्रीत सिंह 'डीपी' के पक्ष में सड़कों पर पदयात्रा की। उन्होंने लोगों से कांग्रेस उम्मीदवार को विजयी बनाने की अपील की। 

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के नलखेड़ा रोड, आजाद नगर, आलमबाग तुलसी पार्क के सामने केन्द्रीय चुनाव कार्यालय पर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने  फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अजय कुमार ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री सिर्फ और सिर्फ भाषण मुख्यमंत्री हैं। 

विधानसभा के चुनाव में भाजपा ने जो नारा दिया था- न गुण्डाराज, न भ्रष्टाचार-अबकी बार भाजपा सरकार, यह नारा पूरी तरह खोखला साबित हुआ है। आज लूट, हत्या, बलात्कार, डकैती, राहजनी जैसी जघन्य घटनाएं पूरे प्रदेश में हो रही हैं और प्रदेश के मुख्यमंत्री सिर्फ भाषणों में बेहतर कानून व्यवस्था बताने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का किसी भी तरह उत्पीड़न नहीं होने दिया जायेगा और कैण्ट के चुनाव में कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ कांग्रेस उम्मीदवार दिलप्रीत सिंह को जिताने के लिए एकजुट हो चुका है।

इस पदयात्रा एवं बैठक में प्रमुख रूप से पार्षद गिरीश मिश्रा, पार्षद  राजेन्द्र सिंह गप्पू, पार्षद  ममता चौधरी, पूर्व विधायक श्याम  किशोर शुक्ल, पूर्व विधायक सतीश अजमानी आदि मौजूद रहे।