मत्स्य पालकों को उत्तम गुणवत्तायुक्त मत्स्य बीज उपलब्ध कराया जाय: लक्ष्मी नारायण चैधरी
मत्स्य हैचरियों का संचालन सुचारू रूप से किया जाय

 

 लखनऊ । उत्तर प्रदेश के पशुधन एवं मत्स्य विकास मंत्री  लक्ष्मी नारायण चैधरी ने आज यहां सुल्तानपुर रोड स्थित गोमती मत्स्य बीज उत्पादन केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने हैचरियों के रखरखाव और आवश्यक व्यवस्थाओं के बारे में विभागीय अधिकारियों से जानकारी प्राप्त करते हुए उन्हें निर्देशित किया कि सभी हैचरियों का संचालन सुचारू रूप से किया जाय। इसके साथ ही मत्स्य उत्पादन हेतु गुणवत्तायुक्त मत्स्य बीजों की उपलब्धता निरन्तर बनाये रखी जाय।

श्री चैधरी ने कहा कि उप्र को मत्स्य बीज उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए हैचरियों की स्थापना को प्रोत्साहित किया जाय। उन्होंने कहा कि मत्स्य पालन की योजनाओं को सफल बनाने के लिए आवश्यक है कि मत्स्य पालकों को उत्तम मत्स्य प्रजातियों के गुणवत्तायुक्त मत्स्य बीज उपलब्ध करायें जायं। इसके साथ ही मत्स्य विभाग एवं मत्स्य विकास निगम के तहत आने वाली हैचरियों का प्रबंधन बेहतर ढंग से हो।

मत्स्य विकास मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मत्स्य पालन कार्यक्रमों में किसी भी प्रकार की उदासीनता नहीं बरती जानी चाहिए। यह रोजगारपरक कार्यक्रम है और किसानों की आय दोगुनी करने में मत्स्य पालन की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस अवसर पर मत्स्य निदेशक, एस.के. सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।