तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में ठोकर मार दी ,युवक की मौत

फतेहपुर (बाराबंकी)। बाराबंकी रोड पर सोमवार रात अहिरनपुरवा के पास तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में पीछे से ठोकर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सैनवसी मजरे नंदनाकलां निवासी रामनरेश का पुत्र रोहित यादव( 22 वर्ष) लखनऊ में रह कर वहीं नौकरी करता था।  दीपावली पर पत्नी व दो वर्षीय पुत्री के साथ रोहित अपने गांव आया था। रात करीब 8 बजे परिजनों के साथ दीपावली पूजन  के बाद रोहित लखनऊ अपने कमरे पर दीप जलाने जा रहा था। रास्ते में ग्राम अहिरनपुरवा मजरे बसारा के पास अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में ठोकर मार दी। दुर्घटना में बुरी तरह जख्मी रोहित की कुछ देर बाद मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने बाइक के कागजातों से उसकी शिनाख्त कर घटना की सूचना परिजनों को दी। दीपावली के दिन हुई इस घटना से रामनरेश के घर समेत पूरे गांव में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर आ गए। रोहित का शव देख मृतक की पत्नी का रो रो कर बुरा हाल था। घटना से पूरे गांव में दीपावली का पर्व मातम में बदल गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दी।