वर्ष 2018 के बाल साहित्य सम्मान घोषित
लखनऊ। उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान द्वारा संचालित बाल साहित्य संवर्द्धन योजना के अन्तर्गत बाल साहित्य सम्मानों हेतु गठित समिति की बैठक आज उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता कार्यकारी अध्यक्ष डाॅ. सदानन्द प्रसाद गुप्त ने की। इस बैठक में वर्ष 2018 के बाल साहित्य सम्मानों पर समिति द्वारा सर्वसम्मत्ति से विचार कर निर्णय लिये गये। उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान से प्राप्त जानकारी के अनुसार लखनऊ की सुषमा श्रीवास्तव को सुभद्राकुमारी चैहान महिला बाल साहित्य सम्मान, लखीमपुर खीरी के   रामकुमार गुप्त को सोहनलाल द्विवेदी  बाल कविता सम्मान, मुरादाबाद के डाॅ. राकेश चक्र को अमृतलाल नागर बाल कथा सम्मान, कानपुर के सुखवंत कलसी को शिक्षार्थी बाल चित्रकला सम्मान, दिल्ली की डाॅ. क्षमा शर्मा को लल्ली प्रसाद पाण्डेय बाल साहित्य पत्रकारिता सम्मान, लखनऊ के सुशील कुमार सिंह को  डाॅ. रामकुमार वर्मा बाल नाटक सम्मान, सम्भल के उमेश चन्द्र  सिरसवारी को कृष्ण विनायक फड़के बाल साहित्य समीक्षा सम्मान, मथुरा के   संतोष कुमार सिंह को जगपति चतुर्वेदी बाल विज्ञान लेखन सम्मान तथा गाज़ीपुर के श्री अखिलेन्द्र तिवारी को उमाकान्त मालवीय युवा बाल साहित्य सम्मान देकर सम्मानित किया जायेगा। प्रत्येक सम्मान की धनराशि 51 हजार रूपये है। सम्मानित बाल साहित्यकारों को पुरस्कार राशि के अलावा अंगवस्त्र व प्रशस्ति पत्र  भेंट कर सम्मानित किया जायेगा।