450 रुपये  प्रति कुन्तल करने की मांग
रालोद ने की गन्ने का समर्थन मूल्य 

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) किसानों को झूठे लाॅलीपॉप दिखा रही है

गन्ना किसानों का अभी तक हजारों करोड़ रुपया बकाया है

 

लखनऊ,। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. मसूद अहमद ने शनिवार को  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सूबे में गन्ने का समर्थन मूल्य 450 रुपये  प्रति कुन्तल करने की मांग की है।  डाॅ.मसूद अहमद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) किसानों को झूठे लाॅलीपॉप दिखा रही है। गन्ना किसानों का अभी तक हजारों करोड़ रुपया बकाया है जिससे किसानों के अनेकों आवश्यक कार्य रूके हुये हैं।  उन्होंने कहा कि भाजपा ने किसानों की आय दोगुनी करने का सपना दिखाया है, लेकिन अभी तक गन्ने का समर्थन मूल्य 450 रुपये प्रति कुन्तल नहीं किया गया। इससे प्रदेश के किसानों में मायूसी है।

डाॅ.अहमद ने कहा कि प्रदेश के कई जिलों में अभी तक धान क्रय केन्द्र खोले ही नहीं गये हैं। जहां खुले भी हैं वहां कर्मचारियों की मिलीभगत से बिचौलियों द्वारा किसानों का शोषण किया जा रहा है और किसानों के धान औने-पौने दामों पर खरीदे जा रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि नलकूपों के बढ़े हुये बिजली बिल ​से किसान पहले से ही परेशान हैं। बढ़े हुए बिजली बिल पर योगी सरकार अपने रूख में कोई परिवर्तन नहीं कर रही है। बिजली का बिल बहुत बढ़कर आ रहा है।   प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री योगी से मांग करते हुए कहा कि सूबे में धान क्रय केन्द्रों की व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जाए ताकि किसानों का शोषण बंद हो सके। इसके अलावा प्रदेश के लघु और सीमान्त किसानों को केन्द्र सरकार की तरफ मिलने वाली किसान मानधन योजना की समीक्षा की जाए,ताकि  इस योजना का लाभ पात्र  किसानों को मिल सके।