7 पुलिस उपाधीक्षक/सहायक सेनानायक अनिवार्य रूप से सेवानिवृत्त
सरकारी सेवाओं में दक्षता सुनिश्चित करने के मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में 

 

शासन ने स्क्रीनिंग कमेटी की संस्तुति पर 50 वर्ष या उससे अधिक आयु के 07 पुलिस उपाधीक्षकों/सहायक सेनानायकों को अनिवार्य सेवानिवृत्ति प्रदान की

 

लखनऊ। सरकारी सेवाओं में दक्षता सुनिश्चित करने के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  के निर्देशों के अनुपालन में 07 पुलिस उपाधीक्षकों/सहायक सेनानायकों को अनिवार्य सेवानिवृत्ति प्रदान की गई है। यह जानकारी आज यहां देते हुए अपर मुख्य सचिव, गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि स्क्रीनिंग कमेटी की संस्तुति पर शासन द्वारा निर्णय लेते हुए प्रान्तीय पुलिस सेवा संवर्ग के 50 वर्ष या उससे अधिक आयु के 07 पुलिस उपाधीक्षकों/सहायक सेनानायकों को अनिवार्य सेवानिवृत्ति प्रदान कर दी गई है। अपर मुख्य सचिव, गृह के अनुसार प्रान्तीय पुलिस सेवा संवर्ग के 50 वर्ष या उससे अधिक आयु के 7 पुलिस उपाधीक्षकों/सहायक सेनानायकों-अरुण कुमार, सहायक सेनानायक, 15वीं वाहिनी पीएसी जनपद आगरा, विनोद कुमार राना, पुलिस उपाधीक्षक, जनपद अयोध्या,नरेन्द्र सिंह राना, पुलिस उपाधीक्षक जनपद आगरा, रतन कुमार यादव, सहायक सेनानायक, 33वीं वाहिनी पीएसी, झांसी, तेजवीर सिंह यादव, सहायक सेनानायक, 27वीं वाहिनी पीएसी, सीतापुर, संतोष कुमार सिंह, मण्डलाधिकारी मुरादाबाद तथा  तनवीर अहमद खाॅ, सहायक सेनानायक, 30वीं वाहिनी पीएसी, गोण्डा को अनिवार्य सेवानिवृत्ति प्रदान की गयी है।