डीएनए के उपकरणों को अधिक से अधिक जेम पोर्टल के माध्यम  से क्रय किया जाय: अपर मुख्य सचिव, गृह  

विधि विज्ञान प्रयोगशाला में डी.एन.ए. उपकरणों के क्रय के सम्बन्ध मे अपर मुख्य सचिव गृह ने की बैठक 


डी.एन.ए. आगरा के लिए किये गये टेण्डर को निरस्त करने के अपर मुख्य सचिव, गृह के निर्देश


लखनऊ। अपर मुख्य सचिव, गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने आज लोकभवन स्थित कमाण्ड सेंटर में विधि विज्ञान प्रयोगशाला में डी.एन.ए. उपकरणों के क्रय के सम्बन्ध में बैठक की। श्री अवस्थी ने डी.एन.ए. उपकरणों की सप्लाई के सम्बन्ध में एक्सपर्टों की बैठक बुलाने के निर्देश विधि विज्ञान प्रयोगशाला के अधिकारियों को दिये। 03 दिसम्बर 2019 को श्री अवस्थी की अध्यक्षता में डी.एन.ए. उपकरणों के क्रय किये जाने के सम्बन्ध में एक्सपर्टों के साथ बैठक की जायेगी। उन्होंने कहा कि डीएनए उपकरणों को अधिक से अधिक जेम पोर्टल के माध्यम से क्रय किया जाय। जेम पोर्टल के माध्यम से क्रय किये जा सकने वाले उपकरणों की सूची विधि विज्ञान प्रयोगशाला के अधिकारियों से मांगी गयी है। श्री अवस्थी ने कहा कि जेम पोर्टल से डी.एन.ए. उपकरणों को क्रय किये जाने के सम्बन्ध में सीईओ जेम पोर्टल से पत्राचार कर आवश्यक व्यवस्थायें पूरी कर ली जाय। बैठक में श्री अवस्थी को बताया गया कि डी.एन.ए. वाराणसी के लिए किये गये टेण्डर को अनियमितता की शिकायत पर यू.पी. इलेक्ट्रानिक्स द्वारा निरस्त कर दिया गया है। श्री अवस्थी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि टेण्डर निरस्त होने के बाद चयनित फर्म मे. पी.एस. ग्लोबल के द्वारा प्रयोगशाला मे रखे उपकरणों को 10 दिसम्बर 2019 तक हटाने की कार्यवाही की जाय। उन्होंने आगरा डीएनए के लिए किये गये टेण्डर फर्म मे. पी.एस. ग्लोबल में भी अनियमितता परिलक्षित होने पर टेंडर निरस्त करने के सख्त निर्देश दिये। श्री अवस्थी ने कहा कि डी.एन.ए. उपकरणों के क्रय किये जाने में किसी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता न बरती जाय। उन्होंने कहा कि डी.एन.ए. के उपकरणों को क्रय किये जाने के लिए एक्सपर्टों से सम्पर्क किया जाय। इसके साथ ही जेम पोर्टल के माध्यम से डी.एन.ए. के उपकरणों को क्रय किये जाने की कार्यवाही की जाय।  बैठक में सचिव गृह श्री भगवान स्वरूप, सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।