राहुल गांधी के बयान पर भाजपा का प्रदर्शन 
लखनऊ। राफेद सौदे पर राहुल गांधी के बयान पर भाजपा के महानगर इकाई से जुड़े पदाधिकारियों, विधायकों और प्रमुख नेताओं ने शनिवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय से हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा तक एक मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने राष्ट्रपति को सम्बोधित एक ज्ञापन भी एसीएम प्रथम को सौंपा।   इस दौरान लखनऊ महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा, क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं विधायक सुरेश तिवारी एवं विधायक सुरेश श्रीवास्तव की अगुवाई में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। उन्होंने हाथों में कांग्रेस का पर्दाफाश, राफेल सौदे में नहीं भ्रष्टाचार, राहुल गांधी जनता से माफी मांगे, राफेल खरीद प्रक्रिया है पारदर्शी, पारदर्शी आदि नारे लिखे प्लेकार्ड एवं भाजपा का झण्डा लिये हुए था।  विधायकों सुरेश श्रीवास्तव व सुरेश तिवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और उसके नेता राहुल गांधी द्वारा राफेल खरीद पर फैलाये गये झूठ और मनगढ़ंत तथा मर्यादाहीन बयानों को लेकर भारतीय जनता पार्टी लखनऊ के कार्यकर्ता उनके बयानों की निन्दा एवं विरोध प्रदर्शन करते हुए राहुल गांधी और कांग्रेस से सार्वजनिक माफी की मांग करते हैं। उन्होंने कहा कि राफेल मामले पर पुनर्विचार संबंधी दायर याचिकाओं को खारिज करते हुए सर्वोच्च न्यायालय ने अपने निर्णय में इस मामले पर जांच की मांग को बेवजह तथा गैरजरूरी बताते हुए देशहित के मामलों में दिए गए बयानों के विषय में चेताया भी है। अब जब सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के बाद राफेल पर एक बार फिर पूरी खरीद प्रक्रिया पारदर्शी व शुद्धितापूर्ण सिद्ध हुई है। तब कांग्रेस नेता राहुल गांधी को सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी चाहिए।