सपा भाजपा-कांग्रेस के राजनीतिक विकल्प के रूप में उभरेगी- अखिलेश यादव 


भाजपा-कांग्रेस के राजनीतिक विकल्प के रुप में उभरेगी सपा- अखिलेश यादव 

 

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के नेताओं ने सपा अध्यक्ष से की मुलाकात

हक और सम्मान की सामाजिक न्याय की विचारधारा के लिए समाजवादी पार्टी प्रतिबद्ध है

 

लखनऊ, । समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से शनिवार को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के पदाधिकारियों तथा प्रमुख नेताओं ने भेंट की। नेताओं ने अखिलेश से आगामी चुनावों में समाजवादी पार्टी के साथ पूरा सहयोग करने का भरोसा दिलाया। उनसे अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी भाजपा-कांग्रेस के राजनीतिक विकल्प के रूप में उभरेगी। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हीरा सिंह मरकाम के पुत्र तुलेश्वर सिंह मरकाम और भतीजे श्यामसिंह मरकाम सहित प्रदेश अध्यक्ष श्रीरामनाथ गोंड, प्रदेश महासचिव महेन्द्र कुमार ध्रुवे और मदन गोंड, रामनाथ गोंड, लोकबहादुर गोंड, घनश्याम गोंड, मुकेश गोंड तथा डॉ. बलराम गोंड ने अखिलेश यादव से मुलाकात की। इस अवसर पर एमएलसी डॉ. राजपाल कश्यप भी उपस्थित रहे।

गोंड प्रतिनिधियों ने अखिलेश से कहा कि जनजातियों को वन अधिनियम के कारण तमाम तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उनका कई स्तरों पर उत्पीड़न होता है। इस पर अखिलेश यादव ने कहा कि हक और सम्मान की सामाजिक न्याय की विचारधारा के लिए समाजवादी पार्टी प्रतिबद्ध है। हम जनसंख्या के आधार पर जनगणना की मांग इसीलिए उठाते हैं ताकि सही संख्या के अनुपात में लोगों को लाभ मिल सकें। जनजातियों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य में सत्तारूढ़ सरकारों को उनके हित में जो कदम उठाने चाहिए, नहीं उठाये जा रहे हैं। वन अधिनियम का सहारा लेकर नौकरशाही जनजातियों का बहुत उत्पीड़न करती है। समाजवादी पार्टी जनजातियों के हितों के संरक्षण के लिए उनके हर संघर्ष में साथ रहेगी।