शीतलहर से बचाव के लिए आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करा ली जाये: मुख्य सचिव
लखनऊ,। शीत ऋतु की शुरुआत के मद्देनजर उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव राजेन्द्र कुमार तिवारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि शीतलहर से बचाव के लिए आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करा ली जाये। उन्होंने रैन बसेरों की व्यवस्था भी ठीक करने को कहा है।  मुख्य सचिव ने यह निर्देश रविवार को राजस्व, नगर विकास, पर्यावरण, कृषि एवं लोक निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव एवं प्रमुख सचिवों को दिये। उन्होंने शासन के अधिकारियों से कहा कि राज्य के सभी जिलाधिकारियों, नगर आयुक्तों एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के माध्यम से आवश्यक व्यवस्थायंे समय से सुनिश्चित करायी जायें। उन्होंने कहा कि शीतलहर से बचाव हेतु अलाव के लिये आवश्यक धनावंटन की कार्यवाही यथाशीघ्र पूर्ण कराते हुये समय से अलाव जलाने की व्यवस्थायें सुनिश्चित करायी जाये। 

श्री तिवारी ने कहा कि आश्रयहीन व्यक्तियों हेतु रैन बसेरों की पर्याप्त व्यवस्थायें सुनिश्चित करा ली जाये, ताकि कोई भी व्यक्ति रात्रि में सड़क अथवा फुटपाथ पर सोने के लिये विवश न हो। गरीब एवं निराश्रित व्यक्तियों को शीत ऋतु के दौरान वितरित किये जाने वाले कम्बलों के क्रय की कार्यवाही को भी समय से पूर्ण करा लेने का निर्देश मुख्य सचिव ने दिया है।  

मुख्य सचिव ने कहा है कि शीत ऋतु में वायु प्रदूषण के प्रभाव को कम करने के लिये कूड़ा, पालीथीन, पराली इत्यादि के जलाने की घटनाओं को पूर्ण रूप से रोका जाये। निर्देशों का पालन न करने पर दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाये। उन्होंने कहा कि पराली न जलाये जाने के संबंध में किसानों को जागरूक किया जाये तथा पराली जलाने से होने वाले कुप्रभावों के सम्बन्ध में जानकारी किसानों को दी जाये। उन्होंने कहा कि पराली को खेत की मिट्टी में मिलाकर कम्पोस्टिंग हेतु अपेक्षित व्यवस्थायें सुनिश्चित करायी जाये। 

उन्होंने कहा कि निर्माण स्थलों के आस-पास धूल इत्यादि के नियंत्रण हेतु नियमित पानी के छिड़काव आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करायी जाये। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के दौरान यह भी सुनिश्चित किया जाये कि धूल न उड़े तथा जहां मिट्टी के ढेर हैं वहां पानी के छिड़काव की नियमित व्यवस्था की जाये। इसके अलावा प्रदूषण उत्पन्न करने वाले अन्य स्रोतों पर भी अपेक्षित कार्यवाही के लिए मुख्य सचिव ने अधिकारियों को आगाह किया।