सिलेंडर फटने से छह लोगों का घर राख

अंबेडकरनगर। अंबेडकरनगर जिले के भीटी क्षेत्र के मठिया गांव में सोमवार को दिन में करीब एक बजे खाना बनाते समय अचानक गैस सिलेंडर फट गया। सिलेंडर फटने से लगी आग से 6 लोगों का घर जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने किसी तरह आग की लपटों पर काबू पाया। मठिया गांव में रामाश्रय पुत्र गुरूदीन के घर में महिलाएं खाना बना रही थीं। उसी दौरान गैस सिलेंडर फट गया। आग की भीषण लपटे ने छह लोगों के कच्चे घरों को अपनी चपेट में ले लिया। रामाश्रय के साथ पंकज पुत्र अभयराज, संतू पुत्र अभयराज, मंतू पुत्र अभयराज, रामनारायण पुत्र राम आसरे का घर जल गया। खाने पीने का सामान अनाज, कपड़े, कीमती सामान सब कुछ जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंचे फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने कड़ी मेहनत के बाद आग को काबू में किया। सब कुछ आग की भेंट चढ़ जाने से पीड़ित परिवार के लोग खुले आसमान के नीचे भूखा प्यासा रहने के लिए विवश हैं।