आम जरूरत की वस्तुएं लगातार महंगी होती जा रही हैं : डॉ.मसूद
लखनऊ ।  राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मसूद अहमद ने सोमवार को कहा कि केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को आम जनता से कोई सरोकार नहीं है। इसलिए आम जरूरत की वस्तुएं लगातार महंगी होती जा रही हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश की जनता ने भाजपा को सत्ता के शिखर तक पहुंचाया फिर भी महंगाई का दंश झेल रही है। कई दिनों तक अन्तरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत कम रही फिर भी देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ाकर बेची गई। यह केन्द्र सरकार और पेट्रोलियम कम्पनियों की सांठगांठ का नतीजा है।   उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के छह वर्ष के शासन काल में सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है लेकिन सरकार को इससे कोई लेना- देना नहीं है।  डॉ. मसूद अहमद ने तंज कसते हुए कहा कि अब तो ऐसा लगता है कि रिजर्व बैंक से एक लाख छियासी हजार करोड़ रुपये लेकर भी केंद्र सरकार संतुष्ट नहीं है, अब उसकी संतुष्टि का पैमाना और बढ़ गया है। देश की जनता भाजपा की नीतियों को भली भांति समझ चुकी है। इसलिए भाजपा का ग्राफ लगातार घट रहा है। 
 


 

उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार के साथ ही उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ की सरकार को भी जनता की समस्याओं से अब कोई लेना-देना नहीं है। प्रदेश में प्याज और टमाटर के साथ सब्जियां महंगी होती जा रही है। गरीब की थाली खाली हो गयी है। गरीब केवल नमक-रोटी खाने को मजबूर है। रसोई गैस की कीमत लगातार बढ़ती जा रही है, जबकि कॅमर्शियल गैस सिलेंडरों में अपेक्षाकृत कम बढ़ोत्तरी की गई है। 

 

उन्होंने कहा कि घरेलू गैस सिलेण्डर पर 13 रुपये की बढ़ोत्तरी हुई है, जबकि कॅमर्शियल गैस सिलेंडर पर 5.50 रुपये की बढ़ोत्तरी हुई है।