…पढ़िए यूपी में सपाईयों ने कहां-कहां किया हिंसक प्रदर्शन, पथराव और आगजनी, लखनऊ समेत कई और शहर चपेट में

लखनऊ में बेकाबू हुए हालात, यूपी में हिसक हुआ प्रदर्शन पुलिस पर पथराव और आगजनी, कई और शहर चपेट में


नागरिकता संशोधन कानून का विरोध बेहद हिसक, लखनऊ व सम्भल में माहौल खराब





लखनऊ,। नागरिकता संशोधन कानून, महिलाओं के खिलाफ अत्याचार और राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति सहित कई मुद्दों पर समाजवादी पार्टी ने गुुरूवार को लखनऊ में विधानसभा के सामने के साथ कैसरबाग में पार्टी कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इनको रोका गया तो प्रदर्शन करने वाले लोग पथराव करने लगे। इसके बाद बवाल बढ़ता गया और प्रदर्शनकारियों ने हसनगंज कोतवाली क्षेत्र की मदेयगंज पुलिस चौकी के बाहर खड़े वाहनों को आग के हवाले कर दिया। लखनऊ के हसनगंज कोतवाली की मदेगंज पुलिस चौकी में प्रदर्शनकारियों ने की तोड़फोड़। बाहर खड़ी गाड़ियों में आग के हवाले कर दिया। यही नहीं प्रदर्शनकारियों ने सतखंडा चौकी में आग दी और हवाई फायरिग किया। पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े,डीएम व एसएसपी मौके पर पहुंचे।
उपद्रवियों से निपटने के लिए पुलिस-प्रशासन की तैयारी पर प्रदर्शनकारी भारी पड़े। लखनऊ में तो आज चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा था। इतना ही नहीं डीजीपी ओपी सिह परिवर्तन चौक पर शीर्ष अधिकारियों के साथ डटे थे। इसके बाद भी राजधानी प्रदर्शनकारियों की गिरफ्त में रही। इसी बीच प्रदर्शनकारियोंं ने वहीं हनुमान सेतु के पास पथराव कर दिया। पथराव में एसपी ट्रैफिक लखनऊ घायल हो गए हैं।
नागरिकता संशोधन कानून के साथ ही प्रदेश की खराब हो चुकी कानून-व्यवस्था को लेकर समाजवादी पार्टी का विरोध प्रदर्शन बेहद हिसक हो गया। पश्चिमी से लेकर पूर्वी उत्तर प्रदेश तक लोग सड़कों पर उतर आए और सरकारी संपत्तियों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। सम्भल में रोडवेज की बसों को तो लखनऊ में पुलिस चौकी के बाहर खड़े वाहनों को निशाना बनाया गया। पुलिस के खिलाफ संप्रदाय विशेष का रोष लगातार बढ़ गया। लखनऊ में पथराव में एसपी ट्रैफिक के साथ दर्जनों पुलिसकर्मी घायल हैं। आज की रात के साथ ही साथ शुक्रवार का दिन भी पुलिस के लिए काफी चुनौतीभरा रहेगा।


सम्भल में तीन बसों में लगाई आग, चौकी में पथराव; इंटरनेट सेवा बंद


नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में समाजवादी पार्टी का प्रदर्शन सम्भल में काफी उग्र हो गया। सम्भल के सदर इलाके में कई बसों में आगजनी की गई है। इसके साथ पुलिस की गाडिय़ों में भी तोडफ़ोड़ की गई। मीडिया कर्मियों पर हमला किया गया है। यहां पर कई मीडिया कर्मी घायल हैं। इस प्रदर्शन को समाजवादी पार्टी के साथ कई मुस्लिम संगठन ने बुलाया था। नगरपालिका मैदान में विरोध प्रदर्शन के बाद लौट रही उन्मादी भीड़ ने तीन बसों को आग लगा दी। चौधरी सराय पुलिस चौकी के सामने पहुंची भीड़ ने चौकी में पथराव कर दिया पुलिसकर्मियों ने भागकर अपनी जान बचाई।
सुबह प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर भीड़ को रोकने के लिए पुलिस ने यहां सरायतरीन, चौधरी सराय पुलिस चौकी पर बैरियर लगाए थे, लेकिन यह भीड़ बैरियर तोड़कर पुलिसकर्मियों को धक्का देकर आगे बढ़ गई। इसके बाद शहर में दहशत का माहौल बन गया और स्थिति पर नियंत्रण करने के लिए फोर्स के साथ ही पीएसी आनन-फानन में सम्भल की ओर पहुंची। शहर के साथ ही सभी प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक पूरी तरह से थम गया। भीड़ ने पुलिस की गाडिय़ों पर पथराव भी किया। इससे पुलिस कर्मी भी सहम गए। उग्र आंदोलन को देखते हुए सड़क पर जिसको जहां जगह मिली वह वहीं छुप गया। हालांकि पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं लेकिन भीड़ के मद्देनजर ये नाकाफी साबित हुए।


अमरोहा में पूर्व मंत्री कमाल अख्तर गिरफ्तार


अमरोहा में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में जिला मुख्यालय पर धरना देने जा रहे सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री कमाल अख्तर को कार्यकर्ताओं के साथ हसनपुर में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पूर्व मंत्री कमाल अख्तर को भीड़ के साथ हसनपुर में अमरोहा मार्ग पर रोक लिया गया। इसके विरोध में वह सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। पुलिस सभी को किसान इंटर कॉलेज ताहरपुर में ले आई, वहीं रखा गया है। आसपास बड़ी तादाद में पुलिस फोर्स तैनात है।


ब्रज में सपाइयों का प्रदर्शन, गिरफ्तार


समाजवादी पार्टी के प्रदेश व्यापी आंदोलन के तहत ब्रज में भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। विभिन्न जिलों में उनकी गिरफ्तारी की गई। फीरोजाबाद में पुलिस ने सपाइयों को पानी की बौछार कर खदेड़ दिया। इसके बाद भी प्रदर्शन पर अड़े पूर्व सांसद अक्षय यादव सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया। आगरा में धौलपुर हाउस में सपा कार्यालय से जैसे ही पार्टी कार्यकताã कलक्ट्रेट के लिए निकले तो उन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मथुरा में भी सपाइयों को गिरफ्तार कर लिया गया। कासगंज में बेटियों की सुरक्षा को लेकर एक सपा नेता खून से पत्र लिखकर पहुंचा। प्याज की माला पहन कर मंहगाई का विरोध किया। एटा व मैनपुरी में भी गिरफ्तारी दी गई है।



बरेली में धरना नही दे सके सपाई, ज्ञापन सौंपा


बरेली में नागरिकता संशोधन कानून, महंगाई के विरोध में समाजवादी पार्टी ने गुरुवार दोपहर को दामोदर स्वरूप पार्क में धरने का एलान किया था। इसके लिए सभी सपाई पार्टी कार्यालय पर एकत्रित हुए। उन्होंने धरना स्थल की तरफ रवानगी की, मगर रास्ते में ही पुलिस ने रोक लिया। जिसके बाद सपा जिला अध्यक्ष अगम मौर्य ने पुलिस को वहीं पर ज्ञापन सौंपा और सभी वापस हो गए।



गोरखपुर में पूर्व मंत्री राम भुआल निषाद समेत सपाई गिरफ्तार


गोरखपुर में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में धरना दे रहे सपाइयों को पुलिस ने नगर निगम स्थित पार्क से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार कार्यकर्ताओं को पुलिस लाइन ले जाया गया है। आंदोलन के चलते शहर में जाम की स्थिति पैदा हो गई। यहां पर प्रशासन ने एहतियात के तौर पर प्रत्येक चौराहो व नगर निगम परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की है। सपाइयों के इस आंदोलन पर नजर रखने के लिए प्रशासन ने ड्रोन कैमरे का इस्तेमाल किया। शुरू में सपाइयों पर धरना समाप्त करने दबाव बनाया गया, लेकिन जब वह नहीं माने तो उनकी गिरफ्तारी शुरू कर दी गई। गिरफ्तार होने वाले प्रमुख नेताओं में पूर्व मंत्री रामपाल निषाद, पूर्व विधायक मोहसिन खान, पूर्व जिला अध्यक्ष विजय यादव,ओ रजनीश यादव, अवधेश यादव, पूर्व विधायक विजय बहादुर यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष चंद्रबली यादव, प्रहलाद यादव, पूर्व नगर अध्यक्ष जियाउल इस्लाम, पूर्व पार्षद चंद्रभान प्रजापति, अशोक चौधरी, जफर अमीन डक्कू तथा राम नगीना साहनी आदि शामिल रहे।



मुतवल्लियों के साथ बैठक


शांति कायम रहे इसके लिए पुलिस-प्रशासन तमाम प्रयास कर रहे हैं। घटनाओं को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने थानों में मदरसों के मुतवल्लियों, सिविल डिफेंस समेत अन्य लोगों के साथ बैठक की। मुतवल्लियों से बच्चों को समझाने की अपील की गई। बच्चों को बताएं कि सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों पर कतई ध्यान न दें। मडिय़ांव थाने की बैठक में एएसपी ट्रांसगोमती राजेश कुमार श्रीवास्तव, एडीएम ट्रांसगोमती विश्वभूषण मिश्रा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



धरने में बैठे आजम खां


रामपुर में समाजवादी पार्टी के प्रदेशव्यापी आह्वान पर सपाइयों ने काली पट्टी बांधकर कार्यालय में धरना दिया। यहां पर सांसद आजम खां भी धरने में शामिल रहे।


प्रयागराज में बिना अनुमति के निकाला गया जुलूस, कई गिरफ्तार


नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ सपाइयों ने पार्टी के जिला कार्यालय से निकाला जुलूस। कलेक्ट्रेट जाते समय पुलिस फोर्स ने रास्ते मे रोका। पार्टी कार्यालय से करीब 2०० मीटर दूर रोके जाने पर सपाई वही धरना देकर बैठ गए। नारेबाजी की। पुलिस से धक्कामुक्की भी हुई। पुलिस अफसरों ने चेतावनी दी। सपाई नहीं माने तो पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। छह बस में नेताओ और कार्यकर्ताओं को भरकर पुलिस लाइन ले गए


बरेली में मौलाना ने कहा- नहीं टाला जाएगा पैदल मार्च


ऑल इंडिया इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल के अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा खां ने गुरुवार दोपहर प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि जुमे को प्रस्तावित पैदल मार्च टाला नहीं जाएगा। पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो गिरफ्तारियां दी जाएंगी और यह सिलसिला तब तक जारी रहेगा जब तक नागरिकता संशोधन कानून सरकार वापस नहीं ले लेती। उनके इस आंदोलन में भीम आर्मी भी शामिल रहेगी।


चित्रकूट में प्रदर्शन कर रहे सपाई गिरफ्तार, पुलिस से धक्कामुक्की


चित्रकूट में सपा कार्यकर्ताओं ने कर्वी के ट्रैफिक चौराहा के पास प्रदर्शन व नारेबाजी की। जिले में धारा 144 लागू होने के कारण प्रशासन से प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने के बावजूद प्रदर्शन करने पर सपाइयों को पुलिस प्रशासन ने कार्यालय में ही नजरबंद कर दिया। सपा कार्यालय को बड़ी संख्या में पुलिस बल ने घेर लिया। प्रदर्शन पर अड़े सपाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार किया तो धक्कामुक्की हुई। पूर्व विधायक वीर सिह पटेल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिव शंकर यादव, जिलाध्यक्ष अनुज यादव, अनिल प्रधान समेत दर्जनों सपाइयों को बस से पुलिस लाइन पहुंचाया गया। वहां नारेबाजी हुई। बाद में एसडीएम ने शांति भंग की धारा को लेकर जमानत देकर रिहा कर दिया।


पीलीभीत में निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने पर 7० सपाई गिरफ्तार


पीलीभीत में नागरिकता संशोधन कानून, बेपटरी कानून व्यवस्था, महंगाई, बेरोजगारी सहित कई मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रांतीय आह्वान पर गुरुवार को धरना प्रदर्शन करने जा रहे पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने निषेधाज्ञा उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। टनकपुर रोड से गिरफ्तार 7० कार्यकर्ताओं को दो बसों से पुलिस लाइन पहुंचा दिया गया है। इस दौरान कुछ देर तक हंगामे का माहौल रहा। सपा के पूर्व मंत्री हाजी रियाज अहमद को उनके लॉ कॉलेज में नजरबंद किए जाने की भी चर्चा है। एहतियात के तौर पर नेहरू ऊर्ज़ा उद्यान, सपा कार्यालय तथा लॉ कालेज के आसपास फोर्स तैनात की गई है। एसपी अभिषेक दीक्षित ने बताया कि करीब 7० सपा कार्यकर्ताओं को निषेधाज्ञा उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। जिले में स्थिति पूरी तरह सामान्य है।